वाणी का दर्पण: धार्मिक पहचान से आत्म-जागृति तक
वाणी का दर्पण: धार्मिक पहचान से आत्म-जागृति तक
आलोचना नहीं, आत्म-सुधार का आह्वान
“वचन विचारो रे” प्रकरण को यदि केवल किसी सम्प्रदाय, जाति अथवा धार्मिक समुदाय की आलोचना के रूप में पढ़ा जाए, तो उसके गहरे आध्यात्मिक आशय के छूट जाने की संभावना है। महामति की भाषा कहीं-कहीं अत्यन्त तीखी अवश्य है, पर उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय का अपमान करना नहीं, बल्कि साधक को उसके अपने आचरण का दर्पण दिखाना है। इसीलिए इस प्रकरण का केंद्रीय स्वर निषेध से अधिक जागृति और आत्म-सुधार का है।
वचन विचारो रे मीठड़ी, वल्लभाचारज बानी।
अरथ लिए बिना ए रे अंधेरी, करत सबों को फानी।।१।।
महामति वल्लभाचार्य की वाणी को अस्वीकार नहीं करते; वे उसे “मीठड़ी” कहते हैं। उनका आग्रह है—जिस आचार्य की वाणी को मानते हो, पहले उसके वास्तविक अर्थ को समझो और फिर उसे जीवन में उतारो। समस्या वाणी में नहीं, बल्कि वाणी के मर्म और जीवन के व्यवहार के बीच उत्पन्न दूरी में है। अगली चौपाइयों में भी वे वल्लभाचार्य की वाणी का निरूपण वैष्णवों के सुख और बोध के लिए करने की बात कहते हैं।
इस दृष्टि से पूरा प्रकरण वाणी और जीवन में पुनः तारतम्य स्थापित करने का प्रयास बन जाता है।वल्लभाचार्य नहीं, वाणी और व्यवहार की दूरी प्रश्न के केंद्र में है
महामति कहते हैं—
ए बानी को टेढ़ा कहावो, ए कौन तुमारा धरम।
वैष्णव कहाए के उलटे चलिए, ए नहीं तिनके करम।।
यहाँ संकेत अत्यन्त महत्वपूर्ण है। यदि अनुयायी का व्यवहार आचार्य की शिक्षा के विपरीत हो जाए, तो अंततः दोष आचार्य की वाणी पर भी आने लगता है। इसलिए महामति का आग्रह है कि स्वयं को वैष्णव कहने वाला व्यक्ति वैष्णवता के मूल गुणों को अपने जीवन में भी प्रकट करे।
इस प्रकार, यह किरंतन वल्लभ परम्परा के आदर्श और उसके अनुयायियों के व्यवहार के बीच उत्पन्न दूरी की आत्मीय समीक्षा है।और यह समीक्षा किसी एक सम्प्रदाय तक सीमित नहीं रहती। हर धार्मिक परम्परा के सामने यही प्रश्न खड़ा होता है—जिस सत्य को हम मानते हैं, क्या हमारा जीवन भी उसकी गवाही देता है?
बाहरी पहचान से आत्म-पहचान की ओर
महामति आगे कहते हैं—
देखीते वैस्नव अति सुंदर, नीके बनावत भेख।
माला तिलक धोय धोती पेहेरें, एक दूजे के देख।।
यहाँ माला, तिलक अथवा धार्मिक वेश का अपने-आप में निषेध नहीं है। समस्या तब उत्पन्न होती है जब साधन ही साध्य बन जाए और बाहरी पहचान को ही आध्यात्मिक उपलब्धि समझ लिया जाए।
इसीलिए अगले चरण में प्रश्न बाहर से भीतर की ओर मुड़ जाता है—
कौन तुम और कहां ते आए, और कहां है तुमारा घर।
यह प्रश्न सम्पूर्ण प्रकरण को एक गहरे आध्यात्मिक धरातल पर ले आता है। अब प्रश्न यह नहीं है कि मेरा तिलक कैसा है, मेरा वेश कैसा है या समाज में मेरी धार्मिक प्रतिष्ठा क्या है। प्रश्न है— मैं वास्तव में कौन हूँ? कहाँ से आया हूँ? मेरा मूल घर कौन-सा है? मेरे प्रियतम का वास्तविक स्वरूप क्या है? और उनसे मेरा वास्तविक सम्बन्ध क्या है?
यह दिशा किरन्तन के व्यापक आह्वान—“पहले आप पहचानो रे साधो”—से जुड़ती है। आत्म-पहचान के बिना परब्रह्म की पहचान केवल अवधारणा बन सकती है; आत्मबोध उसे जीवित अनुभव में बदलता है।
“अप्रस” का रूपान्तरण: बाहरी शुद्धि से अंतःकरण की शुद्धि तक
प्रकरण की अत्यन्त महत्वपूर्ण पंक्तियाँ हैं—
ए बानी तो अप्रस करे आतम, तुम अप्रस करो बाहेर अंग।
मति आकार अप्रस किए कहा होय, इने आतम सों कैसो सनमंध।।
महामति यहाँ शुद्धि की धारणा को अधिक गहरा करते हैं। केवल शरीर, भोजन, पात्र, वस्त्र अथवा दूसरे मनुष्य के स्पर्श को शुद्ध-अशुद्ध मानने के स्थान पर वे पूछते हैं—अंतःकरण कितना शुद्ध हुआ?
यदि बाहरी शुचिता बढ़ती जाए लेकिन भीतर अहंकार, द्वेष, श्रेष्ठता-बोध और दूसरे मनुष्य के प्रति तिरस्कार बना रहे, तो आध्यात्मिक साधना का मूल प्रयोजन अधूरा रह जाता है।
इसलिए “अप्रस” का उच्चतर अर्थ है—ऐसी आंतरिक निर्मलता जिसमें मनुष्य दूसरे की सामाजिक पहचान से पहले उसके भीतर स्थित चेतन सत्ता को देख सके। यहीं महामति की सामाजिक दृष्टि और आध्यात्मिक दृष्टि एक-दूसरे से मिलती हैं।
मूल बाधा जाति नहीं, अहंकार है
महामति आगे कहते हैं—
अहंकारे कै जुलम करो, ना त्रास सील संतोष।
गुन अंग इंद्री के बसे परे, ना देखो नजरों दोष।।
यहाँ प्रकरण की मनोवैज्ञानिक जड़ सामने आती है—अहंकार।
धार्मिक पहचान जब आत्म-जागृति का माध्यम रहती है, तब वह साधना है; लेकिन वही पहचान जब “मैं दूसरों से श्रेष्ठ हूँ” की भावना उत्पन्न करने लगे, तब साधना अहंकार का पोषण करने लगती है।
इस प्रक्रिया को इस प्रकार समझा जा सकता है—
भेष → पहचान → श्रेष्ठता-बोध → अहंकार → दूसरे का अवमूल्यन → अपने दोषों के प्रति अंधापन।
जातिगत अभिमान इसी गहरे रोग की एक सामाजिक अभिव्यक्ति है। इसलिए महामति की चिंता किसी जाति को नीचा दिखाना नहीं, बल्कि उस चेतना को पहचानना है जो जन्म, पद, सम्प्रदाय अथवा धार्मिक प्रतिष्ठा को आत्मिक श्रेष्ठता का प्रमाण मान लेती है।
प्रसाद, अहंकार और आध्यात्मिक पात्रता
इसी पृष्ठभूमि में आगे की चौपाइयों को पढ़ना आवश्यक है—
एक सीत जूठ को ब्रह्मा जैसा, जल में मीन होए आया।
ए जूठ को महातम बानी देखावे, ग्वालों को चल्लू न कराया।।
यहाँ कृष्ण-प्रसाद की महिमा का वर्णन उस कथा के माध्यम से किया गया है जिसमें ब्रह्मा तक उस प्रसाद को प्राप्त करने की आकांक्षा रखते हैं।
और इसके तुरंत बाद धार्मिक दिखावा करने वालों के लिए तीखी पंक्ति आती है—
ओ हांसी ठठोली करे हरामी, ताए ले बैठो मंडली मुख।
ए नीच करम डबोवे नरक में, पीछे छूट पाओगे कब सुख।।१५।।
जिस प्रसाद को ब्रह्मा तक आदर से ग्रहण करना चाहते हैं, उसी दिव्य भाव का यदि कोई व्यक्ति जाति-अहंकार अथवा सामाजिक श्रेष्ठता के कारण उपहास करता है, तो महामति उसे गंभीर आध्यात्मिक पतन मानते हैं।
और यदि ऐसे व्यक्ति को केवल उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण “मंडली मुख” बना दिया जाता है, तो प्रश्न केवल उस व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर भी उठता है जो आध्यात्मिक पात्रता से ऊपर सामाजिक प्रतिष्ठा को स्थान देती है।
इस संदर्भ में “हरामी” शब्द प्रयोग का संकेत उस अधोगामी, आत्म-विरोधी वृत्ति की ओर है जिसमें मनुष्य धार्मिक अहंकार, सामाजिक श्रेष्ठता अथवा बाह्य शुद्धि के दम्भ में इतना उलझ जाता है कि अपनी ही परम्परा के दिव्य भाव का उपहास करने लगता है।
इसका एक महत्वपूर्ण आंतरिक संकेत किरन्तन की दूसरी अभिव्यक्ति में मिलता है—
“हठियो हरामी अंग इंद्री विकार।।”
यहाँ “हरामी” का सम्बन्ध काम, क्रोध, लोभ, मोह, ईर्ष्या-द्वेष तथा इन्द्रिय-विकार जैसी जीव-विरोधी वृत्तियों से जोड़ा जाता है। महामति की वाणी के ऐसे शब्द प्रयोग चेतना की विकृत अवस्था के लिए प्रयुक्त कठोर चेतावनी के रूप में पढ़ना अधिक तारतम्यपूर्ण है।
महामति के शब्द किसी इष्ट, व्यक्ति या जाति केंद्रित नहीं, बल्कि चेतना केंद्रित है।वे विभाजनकारी चेतना को एकीकृत करना चाहते हैं। उन की दार्शनिक दिशा संकुचित नहीं हो सकती।महामति किसी जन्म को दोष नहीं दे रहे; वे उस अहंकार को चुनौती दे रहे हैं जो जन्म को आध्यात्मिक श्रेष्ठता का प्रमाण बना देता है।वे किसी जाति के विरोध में नहीं, वे जन्मगत श्रेष्ठता से आत्मिक पात्रता के दावों की ओर सब का ध्यान दोरना चाहते हैं। केवल जन्म-आधारित आध्यात्मिक श्रेष्ठता, छुआछूत और सामाजिक ऊँच-नीच की कठोर आलोचना अवश्य करते है। लेकिन वे किसी वर्ग के विरुद्ध कभी नहीं रहे। और ऐसा समझना महामति की व्यापक आध्यात्मिक दृष्टि को छोटा करने बराबर है।
प्रकरण वस्तुतः चार प्रकार की विसंगतियों से साधक को मुक्त करना चाहता है—भेष को आत्मपरिवर्तन का विकल्प मानना; बाहरी शुद्धि को आंतरिक निर्मलता से ऊपर रखना; जन्म और प्रतिष्ठा को आध्यात्मिक पात्रता समझना; तथा आचार्य की वाणी को स्वीकार करते हुए उसके विपरीत जीवन जीना।
इन सबके स्थान पर महामति हमें एक सकारात्मक दिशा देते हैं— भेष से भाव की ओर, बाह्य शुद्धि से अंतःकरण की निर्मलता की ओर, जातिगत पहचान से आत्म-पहचान की ओर, श्रेष्ठता-बोध से विनम्रता की ओर, और वाणी के पाठ से वाणी मय जीवन की ओर।
वाणी को दूसरों पर नहीं, स्वयं पर लागू करना महत्वपूर्ण है:
इस प्रकरण की सबसे सुंदर और चुनौतीपूर्ण सम्भावना तब खुलती है जब हम इसे केवल सत्रहवीं शताब्दी के वैष्णव समाज का ऐतिहासिक दस्तावेज न मानकर अपने वर्तमान के लिए दर्पण बना लें। तब प्रश्न बदल जाता है। प्रश्न बनता है— क्या मेरे भीतर भी ऐसी कोई वृत्ति है जिसे महामति कठोर शब्दों से जगा रहे हैं?
यदि धार्मिक ज्ञान मुझे अधिक विनम्र, प्रेमपूर्ण और समावेशी बनाने के बजाय दूसरों को छोटा देखने का आधार बन जाए; यदि मेरी धार्मिक पहचान आत्म-परीक्षण से बचने का कवच बन जाए; यदि मैं दूसरों के दोष देखने में तत्पर और अपने दोष देखने में असमर्थ हो जाऊँ—तो यह वाणी मेरे लिए भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय के किसी वैष्णव या अन्य धार्मिक लोगों के लिए थी। ऐसे वचन हमारे लिए अपमानजनक ठप्पा न रहकर अपने भीतर की आत्म-विरोधी वृत्ति को पहचानने की चेतावनी बन जाते हैंपी।
आत्म-निरीक्षण से आत्म-सुधार तक
लेकिन महामति का संदेश केवल अपनी वृत्ति पहचान लेने पर समाप्त नहीं होता। वास्तविक आध्यात्मिक साहस तब प्रकट होता है जब पहचान के बाद परिवर्तन आता है। यदि हमें दिखाई देता है कि हमारे अहंकार, पूर्वाग्रह, जातिगत अथवा धार्मिक श्रेष्ठता-बोध ने किसी व्यक्ति को चोट पहुँचाई है, तो केवल भीतर पछतावा पर्याप्त नहीं। जहाँ उचित हो, अपने व्यवहार को स्वीकार करना, स्पष्ट रूप से क्षमा माँगना, सम्बन्ध सुधारना और आगे वही भूल न दोहराने का संकल्प लेना भी साधना का अंग है।यही भीतर की वीरता है—अपने अहंकार की रक्षा करने के बजाय सत्य को स्वीकार करने की क्षमता।
इस प्रकार “वचन विचारो रे” हमें किसी दूसरे समुदाय की त्रुटियाँ खोजने के लिए नहीं, बल्कि अपनी चेतना को देखने के लिए आमंत्रित करता है। महामति का प्रश्न आज भी जीवित है— क्या मेरा धर्म केवल मेरी धार्मिक पहचान को मजबूत कर रहा है, या मुझे भीतर से रूपान्तरित भी कर रहा है?
यदि वाणी हमें अधिक विनम्र बनाती है, यदि भक्ति हमें मनुष्य के भीतर चेतन सत्ता देखने की दृष्टि देती है, यदि आत्म-पहचान सामाजिक श्रेष्ठता के भ्रम को गलाती है, और यदि अपनी भूल स्वीकार करने का साहस उत्पन्न होता है—तभी वाणी का वास्तविक अर्थ जीवन में उतरता है।
यही इस प्रकरण का सकारात्मक संदेश है—धर्म पहचान की दीवार न बने, आत्म-जागृति का द्वार बने।
सदा आनन्द मंगल में रहिए।
Comments
Post a Comment